मेरठ। बुधवार को आजाद समाज पार्टी का राजनीतिक कार्यक्रम उस समय चर्चा का केंद्र बन गया, जब नगीना सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने मंच से आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में आजाद समाज पार्टी मेरठ जिले की सभी सात विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी और पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। इस दौरान समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और अन्य संगठनों से जुड़े कई स्थानीय नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ आजाद समाज पार्टी का दामन थाम लिया। नए सदस्यों का स्वागत करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर सदस्यता दिलाई।अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजनीति में बदलाव का समय आ चुका है और जनता अब जाति व डर की राजनीति से ऊपर उठकर अपने अधिकारों की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी समाज के दबे-कुचले, पिछड़े और वंचित वर्गों की आवाज बनकर काम कर रही है। आने वाले चुनावों में जनता का समर्थन आसपा के साथ दिखाई देगा।चंद्रशेखर आजाद ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे केवल चुनावी राजनीति तक सीमित न रहें, बल्कि लोगों के बीच जाकर उनके मुद्दों को समझें और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करें। उन्होंने दावा किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और युवा तेजी से आसपा से जुड़ रहे हैं।कार्यक्रम के दौरान सपा नेता बाबर चौहान खरदौनी, दिलशाद भाटी और तौफीक इलाही समेत कई नेताओं ने औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इसके अलावा नूर सैफी, सत्यकुमार प्रजापति, नितिन कुमार जाटव और हारून सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी में शामिल होकर संगठन को मजबूत करने का भरोसा दिया।मेरठ के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह धरती हमेशा से बदलाव और संघर्ष की प्रतीक रही है। उन्होंने कहा कि जिस भूमि ने देश को आजादी की पहली क्रांति का संदेश दिया, वहीं से सामाजिक न्याय और बराबरी की नई लड़ाई को भी मजबूती मिलेगी।राजनीतिक हलकों में इस कार्यक्रम को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आजाद समाज पार्टी के बढ़ते प्रभाव और आगामी चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।