तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले में सुबह एक भीषण सड़क हादसे में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कांस्टेबल सहित छह लोगों की जान चली गई। हादसा वेल्लाकोविल क्षेत्र में करूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय हुआ, जब सड़क पर पहले से दुर्घटनाग्रस्त खड़ी एक लॉरी को हटाने का काम चल रहा था। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर लॉरी से टकरा गई, जिससे मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई।जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक लॉरी डिवाइडर से टकराकर बीच सड़क में क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़ी हो गई थी। हादसे की सूचना मिलने के बाद हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारू कराने के लिए राहत कार्य शुरू किया गया। पुलिस कांस्टेबल रविचंद्रन लॉरी चालक के साथ मिलकर वाहन को सड़क किनारे कराने में जुटे थे, तभी पीछे से तेज गति से आ रही कार अचानक बेकाबू हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार बेहद तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। कुछ ही सेकंड में कार सीधे लॉरी से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में पुलिस कांस्टेबल रविचंद्रन, लॉरी चालक और कार में सवार चार अन्य लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद शवों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला गया। सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजे गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है, हालांकि पुलिस अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया था। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।