मुजफ्फरनगर। रामपुरी क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद युवक की हालत बिगड़ने पर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे मेरठ के निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुरी निवासी आकाश का अपनी पत्नी से किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि कहासुनी के बाद युवक मानसिक तनाव में आ गया और आवेश में आकर किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। युवक की हालत खराब होते देख परिजनों के हाथ-पांव फूल गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।घटना की जानकारी मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने परिजनों की मदद से युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के मुताबिक युवक के शरीर में जहर का असर तेजी से फैल रहा था, जिसके चलते उसे बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर करना पड़ा।मामले की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन भी मेरठ पहुंचे और अस्पताल में भर्ती युवक का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से उपचार की जानकारी लेने के साथ पुलिस अधिकारियों को पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए। एसपी सिटी ने पीड़ित परिवार से बातचीत कर उन्हें हर संभव मदद और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि विवाद की वास्तविक वजह सामने आ सके।फिलहाल युवक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है और मेरठ में चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।