मुजफ्फरनगर। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) को लेकर गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ धर्मगुरुओं और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। अधिकारियों ने सभी से पर्व को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।जिलाधिकारी ने कहा कि बकरीद पर किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने का प्रयास न किया जाए तथा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूरी तरह से वर्जित रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुर्बानी खुले स्थानों पर न करके निर्धारित स्थानों पर ही की जाए और किसी भी समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाला कार्य न हो। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर की पहचान आपसी सहयोग और सौहार्द से है, जिसे हर हाल में बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।बैठक में जिलाधिकारी ने नगर निकायों को निर्देश दिए कि पर्व से एक दिन पूर्व सभी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही पेयजल आपूर्ति बाधित न हो इसके लिए जनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिए। विद्युत विभाग को बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा मस्जिदों एवं ईदगाहों तक जाने वाले मार्गों को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।उन्होंने कहा कि कुर्बानी के अवशेष सार्वजनिक स्थानों पर न फेंके जाएं और रक्त को नालियों में बहाने के बजाय गड्ढा खोदकर सुरक्षित तरीके से दबाया जाए। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और समस्या होने पर तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को सूचना देने की अपील भी की गई। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कहा कि ईद की नमाज केवल ईदगाह अथवा मस्जिद परिसरों में ही अदा की जाए तथा सड़क पर नमाज न पढ़ी जाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए व्यापक पुलिस बल तैनात रहेगा और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण वातावरण और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, पुलिस अधीक्षक नगर अमित जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं पीस कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।