मुजफ्फरनगर। थाना मंसूरपुर पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में फरार चल रहे आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को निजामपुर बस स्टैंड के पास से दबोचा। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार कुछ दिन पूर्व मंसूरपुर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों ने गांव के ही युवक पर किशोरी को झांसा देकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने पहले किशोरी को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था, जबकि आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र में आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और निजामपुर बस स्टैंड के निकट घेराबंदी कर आरोपी समीर पुत्र जावेद उर्फ महबूब निवासी ग्राम सोहजनी तगान को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच चल रही है। गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई को लेकर चर्चा बनी रही।यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। अभियान की निगरानी पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन और क्षेत्राधिकारी खतौली रूपाली राय चौधरी द्वारा की गई, जबकि थाना मंसूरपुर पुलिस टीम ने पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया।