मुजफ्फरनगर, 30 मई 26। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में शनिवार को जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में उद्यमियों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान जानसठ रोड स्थित नैराना विद्युत उपकेंद्र तक जाने वाली 500 मीटर लिंक रोड के निर्माण तथा विद्युत पोलों के स्थानांतरण के मुद्दे पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, विद्युत विभाग और प्रशासन की संयुक्त बैठक मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। वहीं नैराना विद्युत उपकेंद्र के सामने से गुजर रही ओवरहेड विद्युत लाइन को स्थानांतरित करने के संबंध में अलग से बैठक कराने के निर्देश भी दिए गए।जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को उद्यमियों के साथ नियमित मासिक बैठकें आयोजित कर विभागीय समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। लोक निर्माण विभाग को धंधेड़ा रोड से औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़क पर जल्द कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही मेरठ रोड पर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया गया।बैठक में राधा गोविंद ऑटोमोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड की अनापत्ति प्रमाणपत्र एवं मानचित्र स्वीकृति संबंधी प्रकरण पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत के अधिकारियों को संबंधित विभागों से रिपोर्ट प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।मेरठ रोड स्थित बीके टाइल्स के समीप जर्जर लिंक रोड के संबंध में नगर पालिका प्रशासन ने जानकारी दी कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किया जा चुका है। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा।जिलाधिकारी ने सभी औद्योगिक संगठनों से औद्योगिक क्षेत्रों के मुख्य मार्गों के सौंदर्यीकरण में विकास प्राधिकरण और नगर पालिका के साथ मिलकर सहयोग करने का आह्वान किया। बैठक का संचालन सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।