मुजफ्फरनगर। जनपद में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाने के अभियान को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि अभियान में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी तहसीलों में फार्मर रजिस्ट्री का काम तेजी से कराया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य किसानों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना है, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं, अनुदान और अन्य सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सके।समीक्षा के दौरान तहसील बुढ़ाना में कृषि विभाग के तकनीकी सहायक अक्षय कुमार की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। वहीं तहसील खतौली के पांच पंचायत सहायकों द्वारा अपेक्षित कार्य नहीं किए जाने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को पत्र भेजा गया है।प्रशासन ने बताया कि पहले भी कई जनसेवा केंद्र संचालकों पर अनियमितता और कार्य में ढिलाई बरतने के मामले में कार्रवाई की जा चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि शासन की प्राथमिकता वाली इस योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी फार्मर रजिस्ट्री अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में किसान हित से जुड़ी योजनाओं और सरकारी सुविधाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के प्राप्त कर सकें। प्रशासन ने कहा कि अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है और लक्ष्य पूरा करने के लिए जवाबदेही तय की जा रही है।