बागपत। जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में प्रेम संबंधों के विरोध ने एक युवक की जान ले ली। एकता कॉलोनी स्थित खाली प्लॉट में सोमवार सुबह 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की गहन जांच करते हुए कुछ ही घंटों में हत्याकांड का खुलासा कर दिया और युवती के तीन सगे चाचाओं को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सहजान (22 वर्ष) के रूप में हुई है। वह रविवार रात करीब 10 बजे तक बाजार में देखा गया था, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटा। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने एकता कॉलोनी के खाली प्लॉट में एक युवक का शव पड़ा देखा। शव के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक विजय चौधरी, कस्बा चौकी प्रभारी शिवकुमार और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की।मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक सूरज राय के निर्देश पर विशेष टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस को आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज मिले, जिनमें दो व्यक्ति देर रात एक रिक्शे पर भारी सामान ले जाते दिखाई दिए। फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।पूछताछ में सामने आया कि सहजान का एक युवती से प्रेम संबंध था। युवती के परिवार के कुछ सदस्य इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे। आरोप है कि रविवार रात जब सहजान युवती से मिलने पहुंचा तो युवती के तीन चाचाओं ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे एक कमरे में ले जाकर बेरहमी से पीटा गया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को रस्सी से बांधकर रिक्शे में रखा गया और एकता कॉलोनी के खाली प्लॉट में फेंक दिया गया।पुलिस ने इस मामले में शाहरुख, फरमान और इमरान पुत्र वली मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर शव को ले जाने में प्रयुक्त रिक्शा, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल तथा मृतक की बाइक भी बरामद कर ली गई है।पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group