मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र के एक गांव में ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री 29 जून की सुबह घर से ट्यूशन पढ़ने गई थी। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और ट्यूशन केंद्र पहुंचकर जानकारी जुटाई।पूछताछ के दौरान कुछ लोगों ने बताया कि छात्रा को पास की गली में रहने वाले एक युवक के साथ जाते देखा गया था। इस सूचना पर परिजन तुरंत युवक के घर पहुंचे। आरोप है कि पहले तो युवक ने छात्रा के वहां होने से इंकार किया, लेकिन परिजनों के दबाव बनाने पर छात्रा घर के अंदर से बाहर आई। परिवार के अनुसार वह सहमी हुई थी।पीड़िता ने परिजनों को बताया कि आरोपी उसे बहाने से घर के भीतर ले गया, जहां उसके साथ अभद्र हरकत की गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि अन्य युवक भी इस दौरान वहां मौजूद थे। विरोध करने पर आरोपितों ने परिजनों के साथ अभद्रता की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।घटना के बाद परिजनों ने भोपा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चारों नामजद आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।