शुकतीर्थ। धार्मिक नगरी शुकतीर्थ स्थित एक आश्रम में निर्माण कार्य के दौरान मजदूर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि साथ काम करने वाले तीन मजदूरों ने रात में सो रहे युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी गई तहरीर में ठेकेदार अमित कुमार ने बताया कि आश्रम परिसर में निर्माण कार्य चल रहा है। रविवार रात कार्य समाप्त होने के बाद शटरिंग का काम करने वाला मजदूर पवन कुमार परिसर में ही सो रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद अन्य मजदूर शुभम, नवनीत और हर्ष उसके पास पहुंचे।आरोप है कि पहले तीनों ने पवन के साथ कहासुनी शुरू की। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने पास पड़े डंडों से उस पर हमला कर दिया। पीड़ित के सिर और शरीर पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।मारपीट की आवाज सुनकर आश्रम के सेवादार मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गए। सेवादारों ने घायल मजदूर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं।घटना के बाद आश्रम में काम कर रहे अन्य मजदूरों में भी भय का माहौल है। भोपा थाना पुलिस का कहना है कि ठेकेदार की तहरीर पर शुभम, नवनीत और हर्ष के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।