मुजफ्फरनगर। दहेज उत्पीड़न से जुड़ा एक मामला महिला थाने पहुंचा है, जहां विवाहिता के भाई ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसकी बहन को शादी के बाद लगातार अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया, जिसके बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अब न्याय मांगने पर परिवार को धमकियां दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।महात्मा कॉलोनी निवासी दिलनवाज ने महिला थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2019 में उसकी बहन नाजनीन का निकाह शाहपुर क्षेत्र के गांव पलड़ा निवासी तबारक के साथ कराया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार निकाह में सामर्थ्य से बढ़कर खर्च किया गया, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग करता रहा।आरोप है कि पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोग 100 गज का प्लॉट और 15 लाख रुपये नकद लाने का दबाव बनाते थे। मांग पूरी न होने पर नाजनीन के साथ मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। कई बार उसे मायके भेज दिया गया।शिकायत में कहा गया है कि रिश्तेदारों के हस्तक्षेप पर कुछ समय के लिए मामला शांत हुआ, लेकिन बाद में कथित रूप से फिर दहेज की मांग शुरू हो गई। परिजनों का आरोप है कि लगातार तनाव और प्रताड़ना के कारण नाजनीन की तबीयत बिगड़ती चली गई।दिलनवाज के अनुसार 9 फरवरी 2026 को नाजनीन को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 16 फरवरी को उसकी मौत हो गई। आरोप है कि मायके पक्ष को समय पर इसकी जानकारी भी नहीं दी गई।पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि हाल ही में ससुराल पक्ष की ओर से फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई और दोबारा रुपये की मांग की गई। शिकायतकर्ता ने बातचीत की रिकॉर्डिंग भी होने का दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group