मुज़फ्फरनगर। मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव कैथोडा में घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर महिला समेत तीन लोगों को घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।ग्राम कैथोडा निवासी शहजादी ने थाने में दी तहरीर में बताया कि गांव के ही रशीद, वाजिद, साजिद और शहजाद उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में परिवार के कई लोग घायल हो गए।पीड़िता का आरोप है कि हमले के दौरान घर में मौजूद गर्भवती महिला के साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों ने उसे भी नहीं छोड़ा और पेट पर चोट पहुंचाई, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।शिकायत के अनुसार, जब पीड़ित पक्ष थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहा था, तभी रास्ते में आरोपियों ने उन्हें फिर रोक लिया। आरोप है कि वहां भी दोबारा मारपीट की गई और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। थाना प्रभारी राजीव शर्मा ने बताया कि महिला शहजादी की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group