मुजफ्फरनगर के जानसठ-मुजफ्फरनगर मार्ग पर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों भाई बाइक से पेपर मिल में ड्यूटी पर जा रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।ककरौली थाना क्षेत्र के गांव खाईखेड़ा निवासी 24 वर्षीय अमरेन्द्र उर्फ पॉपीन मंगलवार रात अपने बड़े भाई रोहित उर्फ बंटी के साथ बाइक से काम पर जा रहा था। जब दोनों सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव निराना के पास आम के बाग के सामने पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमरेन्द्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उसका उपचार मुजफ्फरनगर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में शोक छा गया। अमरेन्द्र अपने पीछे माता-पिता, पत्नी, भाई-बहनों के अलावा पांच माह का बेटा छोड़ गया है। परिवार पर दुखों का यह बड़ा पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा दुख जताया।विजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से बाइक और हेलमेट सुरक्षित मिले हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।