मुजफ्फरनगर। खतौली कस्बे के मोहल्ला बालकराम में 14 वर्षीय किशोर की बुखार के चलते उपचार के दौरान मौत हो गई। किशोर कई दिनों से तेज बुखार से पीड़ित था। हालत बिगड़ने पर उसे पहले मुजफ्फरनगर और बाद में दिल्ली के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।मोहल्ला बालकराम निवासी वसीम मुल्तानी का पुत्र अदीन पिछले करीब पांच दिनों से तेज बुखार से पीड़ित था। शुरुआत में परिजनों ने इसे सामान्य मौसमी बुखार समझकर स्थानीय चिकित्सक से इलाज कराया। दवा लेने के बाद भी जब उसकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ, तो परिवार ने उसे मुजफ्फरनगर के चिकित्सक को दिखाया।जांच के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए तत्काल दिल्ली के बड़े अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी। परिजन उसे तुरंत दिल्ली ले गए, जहां कई दिनों तक गहन चिकित्सा कक्ष में उसका इलाज चलता रहा।चिकित्सकों के अनुसार संक्रमण धीरे-धीरे शरीर में फैलकर दिमाग तक पहुंच गया था, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। उपचार के दौरान बुधवार देर रात अदीन ने दम तोड़ दिया।किशोर की मौत की सूचना मिलते ही परिवार और आसपास के लोगों में शोक छा गया। गुरुवार सुबह उसका अंतिम संस्कार धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार स्थानीय कब्रिस्तान में किया गया।