मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। आरोप है कि आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे आ रही बाइक ट्रक से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गांव भूपखेड़ी निवासी आनंद पुत्र रणवीर सिंह 29 जून की सुबह करीब साढ़े दस बजे मोटरसाइकिल से मुजफ्फरनगर आ रहे थे। परिजनों के अनुसार जब वह वीरजी ढाबे के पास पहुंचे, तभी सामने चल रहे ट्रक चालक ने बिना संकेत अचानक वाहन रोक दिया। इससे आनंद अपनी बाइक नियंत्रित नहीं कर सके और सीधे ट्रक के पीछे जा भिड़े।टक्कर इतनी जोरदार थी कि आनंद गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तत्काल मुजफ्फरनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने अगले दिन उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया।परिजनों ने बताया कि दिल्ली ले जाते समय रास्ते में भैंसी के पास आनंद की हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया।हादसे के दौरान पीछे आ रहे एक प्रत्यक्षदर्शी ने ट्रक का नंबर नोट कर लिया। बताया गया कि दुर्घटना के तुरंत बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।मृतक के परिजनों ने अंतिम संस्कार और शोक के बाद पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।