मेरठ। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाने के अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए मवाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी संख्या में पहचान संबंधी दस्तावेज, पासपोर्ट आवेदन पत्र, एक कूटरचित आधार कार्ड, मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किया गया है। पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण तथा क्षेत्राधिकारी मवाना के पर्यवेक्षण में थाना मवाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने ग्राम बहोड़पुर निवासी सलीम पुत्र सलाउद्दीन (36) को गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फर्जी दस्तावेज तैयार कर पासपोर्ट बनवाने के अवैध कार्य में संलिप्त था। तलाशी के दौरान उसके पास से 10 आधार कार्ड, 10 पासपोर्ट आवेदन पत्र, एक नकली आधार कार्ड, एक मोबाइल फोन, एक लैपटॉप तथा एक पैन कार्ड बरामद हुआ। बरामद सामग्री को जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दस्तावेजों में हेरफेर कर सरकारी पहचान पत्र तैयार कराने में भूमिका निभाता था। पुलिस को आशंका है कि इस कार्य में एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जो फर्जी कागजात तैयार कर विभिन्न लोगों के पासपोर्ट बनवाने में लगा हुआ था।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के मोबाइल फोन और लैपटॉप की तकनीकी तथा फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। इससे यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि अब तक कितने लोगों के फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं।जांच में आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध मेरठ और हापुड़ जनपदों में धोखाधड़ी, जालसाजी और अन्य गंभीर मामलों में पहले से कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। थाना मवाना में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों के विरुद्ध भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group