मुजफ्फरनगर। माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से 21, 22 और 23 अगस्त को समाधान समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह का उद्देश्य लंबित मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण कराना है।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी ने बताया कि जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष के निर्देशन में समाधान समारोह के लिए पांच विशेष पीठों का गठन किया गया है। इन पीठों के माध्यम से पक्षकारों के बीच वार्ता कराकर आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने बताया कि उच्चतम न्यायालय में लंबित जिन मामलों को सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारित किया जा सकता है, उनमें संबंधित पक्षकारों को नोटिस भेजे जा चुके हैं। समाधान समारोह के दौरान दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर समझौते की संभावना तलाशने का प्रयास किया जाएगा, ताकि मुकदमों का शीघ्र निपटारा हो सके।डॉ. चौधरी के अनुसार, अब तक 26 वादों की पत्रावलियां जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुजफ्फरनगर को सुलह-समझौते के लिए प्राप्त हुई हैं। उन्होंने बताया कि शमनीय प्रकृति के आपराधिक मामलों में भी पक्षकार मध्यस्थता केंद्र के माध्यम से अपना प्रकरण प्रस्तुत कर सकते हैं, जहां आपसी सहमति के आधार पर विवाद का निस्तारण कराया जा सकता है। इससे समय और धन की बचत होने के साथ न्यायिक प्रक्रिया भी अधिक सरल एवं प्रभावी बनती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group