मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना क्षेत्र के गांव अटाली में हाल के दिनों में हुई चोरी की लगातार चार घटनाओं से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। चोरों ने अलग-अलग परिवारों के घरों को निशाना बनाते हुए नकदी, आभूषण और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। शनिवार को भाजपा नेता नितिन मलिक गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिलकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर मामलों के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।ग्रामीणों के अनुसार, चोरों ने पूर्व प्रधान ठाकुर सुरेश सिंह, सचिन कश्यप, डॉ. लक्ष्मण सिंह और सुनील कश्यप के घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। एक ही गांव में कम समय के भीतर चार परिवारों के यहां चोरी होने से ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान नितिन मलिक ने चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने मौके से ही पुलिस अधीक्षक देहात अक्षय संजय महाडिक से दूरभाष पर वार्ता कर घटनाओं की जानकारी दी और कहा कि मामलों का जल्द खुलासा कर चोरी का सामान बरामद कराया जाए तथा आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।इसके बाद उकावली चौकी प्रभारी आशीष चौधरी भी गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों और ग्रामीणों से बातचीत कर घटनाओं की जानकारी जुटाई। इस दौरान पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा चोरी की वारदातों की गंभीरता से जांच करने की मांग भी की गई।चौकी प्रभारी आशीष चौधरी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पुलिस सभी घटनाओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और उनके आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और चोरी की घटनाओं के शीघ्र खुलासे का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष भारत ठाकुर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।