मुजफ्फरनगर। दिल्ली से देहरादून जा रहे एक यात्री को उत्तराखंड रोडवेज की बस में कथित रूप से नशीला पदार्थ पिलाकर लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सहयात्री ने रास्ते में जान-पहचान बढ़ाने के बाद उसे फलों के पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बेहोश होने के बाद यात्री का मोबाइल, करीब 23 हजार रुपये, पहचान पत्र और बैग समेत अन्य सामान गायब हो गया। खतौली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।देहरादून के लूनिया मोहल्ला निवासी संदीप भगत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 23 मई 2026 की रात करीब सवा 11 बजे दिल्ली आईएसबीटी से उत्तराखंड रोडवेज की बस में देहरादून के लिए सवार हुए थे। बस में उनकी बगल वाली सीट पर एक अज्ञात युवक बैठा था।यात्रा के दौरान बस खतौली क्षेत्र में एक भोजनालय पर रुकी। आरोप है कि सहयात्री ने संदीप को अपने साथ भोजन करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। करीब 20 से 25 मिनट बाद युवक दो फ्रूटी लेकर लौटा और एक उन्हें पीने के लिए दी। संदीप ने पहले इनकार किया, लेकिन बार-बार आग्रह करने पर उन्होंने पेय पी लिया। उनका आरोप है कि इसके दो-तीन मिनट बाद ही वह बेहोश हो गए।पीड़ित के अनुसार इसके बाद क्या हुआ, उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। 25 मई को होश आने पर उन्होंने खुद को देहरादून के दून अस्पताल में भर्ती पाया। वहां मौजूद परिजनों से उन्हें घटनाक्रम की जानकारी मिली।परिजनों के मुताबिक उनका एक परिचित सहारनपुर चौक के पास रहता है। उसी ने संदीप के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना दी थी। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। उस समय उनके चेहरे पर मिट्टी लगी थी और कपड़े भी गंदे थे।होश आने के बाद संदीप ने अपना सामान देखा तो मोबाइल फोन, करीब 23 हजार रुपये नकद, पर्स, पहचान संबंधी दस्तावेज, कपड़ों का बैग और दो अन्य बैग नहीं मिले। पीड़ित ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर सामान बरामद कराने की मांग की है।खतौली पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के लिए बस के मार्ग तथा उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।
