मुजफ्फरनगर। मौसम विभाग द्वारा 3 से 7 अगस्त के बीच जिले में भारी वर्षा की संभावना व्यक्त किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित जलभराव और अन्य आपदा संबंधी स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही राहत एवं बचाव व्यवस्था की समीक्षा कर संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने बताया कि सभी उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण करने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशासनिक व्यवस्था पहले से ही सक्रिय रखी जा रही है।प्रशासन ने राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण तथा अन्य संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा संभावित रूप से प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां आवश्यक उपकरण, राहत सामग्री तथा अन्य संसाधन पहले से उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके।राहत शिविरों और राहत चौकियों को चिन्हित स्थानों पर संचालन योग्य स्थिति में तैयार रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि गांव स्तर तक निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाए तथा ग्राम प्रधानों और आपदा प्रबंधन समितियों को सक्रिय रखा जाए। किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति में बिना विलंब राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम रखा जा सके।जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने, जलभराव वाले क्षेत्रों, नालों, पुलों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी परामर्श का पालन करने को कहा गया है। साथ ही बिजली के खंभों और टूटे हुए तारों से दूरी बनाए रखने, बच्चों को जलभराव वाले स्थानों पर न जाने देने तथा आवश्यक दवाइयां, पेयजल और जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।प्रशासन ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति, जलभराव या दुर्घटना की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष, पुलिस अथवा संबंधित विभाग को दी जाए। सहायता के लिए चौबीसों घंटे संचालित नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 9412210080 तथा टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group