लखनऊ/मुजफ्फरनगर। सावन कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों के स्वागत के लिए प्रदेश सरकार ने नौ और दस अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सात जिलों में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराने का कार्यक्रम जारी किया है। निर्धारित समय के अनुसार बागपत, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़ और बुलंदशहर में कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की जाएगी। इसके लिए संबंधित जिला प्रशासन को आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।जारी कार्यक्रम के अनुसार नौ अगस्त को हेलीकॉप्टर सुबह लखनऊ से रवाना होगा। सबसे पहले बागपत में कांवड़ियों का पुष्पवर्षा के माध्यम से स्वागत किया जाएगा। इसके बाद सहारनपुर में निर्धारित समय तक कार्यक्रम चलेगा। दोपहर में हेलीकॉप्टर मुजफ्फरनगर पहुंचेगा, जहां कांवड़ मार्ग पर शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की जाएगी। दिन के अंतिम चरण में मेरठ में भी श्रद्धालुओं का फूल बरसाकर अभिनंदन किया जाएगा। पहले दिन हेलीकॉप्टर की कुल उड़ान अवधि छह घंटे दस मिनट निर्धारित की गई है।दस अगस्त को दूसरे चरण की शुरुआत गाजियाबाद से होगी। इसके बाद हापुड़ और बुलंदशहर में भी निर्धारित समयानुसार कांवड़ियों का स्वागत पुष्पवर्षा के साथ किया जाएगा। सभी कार्यक्रम पूर्ण होने के बाद हेलीकॉप्टर बुलंदशहर से लखनऊ के लिए रवाना होगा। दूसरे दिन कुल तीन घंटे 45 मिनट की उड़ान तय की गई है।शासन के अनुसार दोनों दिनों में हेलीकॉप्टर लगभग दस घंटे तक विभिन्न कांवड़ मार्गों पर संचालित रहेगा। कार्यक्रम को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित जिलों के प्रशासन, पुलिस तथा अन्य विभागों को समन्वय बनाकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रदेश सरकार का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और सम्मान को ध्यान में रखते हुए यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मुजफ्फरनगर सहित सभी संबंधित जिलों में प्रशासन ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप तैयारियां शुरू कर दी हैं, ताकि पुष्पवर्षा का आयोजन सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group