मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र के समोली गांव में घर में सो रही एक महिला के साथ झपटमारी की घटना सामने आई है। देर रात दो युवक मकान में घुस आए और महिला के कान से सोने का कुंडल तथा बाली छीनकर फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद और एक अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।समोली गांव निवासी पायल पत्नी पंकज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना देर रात की है। वह अपने घर की गैलरी में चारपाई पर सो रही थीं। इसी दौरान दो युवक चुपचाप घर में दाखिल हुए और उनके कान से जेवर खींच लिए। अचानक हुए हमले से उनकी नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचा दिया।महिला की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों का पीछा किया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी बाहर निकल आए, लेकिन आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर गांव की गलियों से भाग निकले। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।पीड़िता का कहना है कि भाग रहे युवकों में से एक की पहचान उसने समोली निवासी अशोक के पुत्र के रूप में की है, जबकि दूसरा व्यक्ति अंधेरा होने के कारण पहचान में नहीं आ सका। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आरोपियों की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group