मुजफ्फरनगर। मोरना क्षेत्र के गांव हाजीपुर में दोपहर लगातार हो रही बारिश के कारण एक मजदूर का कच्चा मकान ढह गया। मकान गिरने से पहले परिवार के लोगों ने खतरे के संकेत महसूस कर लिए और तुरंत बाहर निकल गए। इससे बड़ा हादसा टल गया, लेकिन मकान के साथ घर का अधिकांश सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया।गांव हाजीपुर निवासी अजय कश्यप मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। गुरुवार दोपहर वह पत्नी माया देवी, पुत्र राजा और पुत्री रानी के साथ घर में थे। लगातार वर्षा के कारण कच्चे मकान की दीवारें और छत कमजोर हो चुकी थीं। अचानक मकान से आवाज आने पर अजय ने बिना देर किए पूरे परिवार को बाहर निकाल लिया। परिवार के बाहर पहुंचते ही मकान भरभराकर जमीन पर गिर पड़ा।मकान ढहने से घर में रखा राशन, कपड़े, बर्तन तथा अन्य जरूरी घरेलू सामान मलबे के नीचे दब गया। सामान खराब होने से परिवार के सामने भोजन और रहने की समस्या खड़ी हो गई है। पीड़ित का कहना है कि अब उनके पास रहने के लिए सुरक्षित स्थान भी नहीं बचा है।घटना की सूचना मिलने पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के साथ हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की कि अजय कश्यप को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराई जाए और प्रधानमंत्री आवास योजना या अन्य पात्र योजना के तहत पक्का मकान स्वीकृत किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group