मुजफ्फरनगर। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम के बीच हुए राजनीतिक गठबंधन को लेकर विरोध शुरू हो गया है। शहर के दक्षिणी कृष्णापुरी मोहल्ले में पोस्टर लगाकर दोनों दलों के गठबंधन पर सवाल उठाए गए हैं। पोस्टरों के जरिए आरोप लगाया गया है कि दोनों पार्टियां भाजपा की बी-टीम के रूप में काम करने के लिए एकजुट हुई हैं। इस घटनाक्रम से स्थानीय राजनीति में नई चर्चा छिड़ गई है।दक्षिणी कृष्णापुरी निवासी सौर्य भारद्वाज ने बताया कि मोहल्ले के लोगों के साथ मिलकर दोनों दलों के राजनीतिक समझौते का विरोध किया जा रहा है। उनका कहना है कि क्षेत्र के लोग इस गठबंधन से सहमत नहीं हैं। इसी नाराजगी को सामने रखने के लिए जगह-जगह पोस्टर लगाए गए हैं।मीडिया से बातचीत के दौरान सौर्य भारद्वाज से पूछा गया कि पोस्टर पर उनका नाम और तस्वीर होने के बावजूद क्या यह कदम किसी राजनीतिक पार्टी के निर्देश पर उठाया गया है। इस पर उन्होंने स्पष्ट जवाब देने के बजाय कहा कि सभी बातें अंदर की हैं और उनसे सवाल-जवाब न किए जाएं। उन्होंने लोगों से इस गठबंधन से दूर रहने की अपील भी की।सौर्य भारद्वाज ने दावा किया कि गठबंधन के विरोध में पोस्टर केवल मुजफ्फरनगर में ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में भी लगाए गए हैं। उन्होंने सहारनपुर और गोरखपुर का भी जिक्र किया। हालांकि, इन जिलों में पोस्टर लगाए जाने के दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।गौरतलब है कि आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और एआईएमआईएम ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए राजनीतिक बदलाव मोर्चा के नाम से गठबंधन किया है। दोनों दलों ने 12 नवंबर को लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साथ चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। अब इस गठबंधन के विरोध में मुजफ्फरनगर में पोस्टर सामने आने से चुनाव से पहले ही राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने लगी है।