गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र में महिला से कुंडल लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उनके पैर में गोली लगी। घायल हालत में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक 25 अप्रैल की सुबह एकल गांव की एक महिला से बाइक सवार तीन युवकों ने कुंडल छीन लिए थे और फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल दो संदिग्ध युवक क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान चलाया और घेराबंदी की। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पुलिस को देखते ही भागने लगे। भागने के प्रयास में उनकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई।
पुलिस टीम जैसे ही उन्हें पकड़ने आगे बढ़ी, दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया। इस दौरान दीपक और सचिन नामक आरोपियों के पैर में गोली लगी। दोनों थाना बादलपुर क्षेत्र के कचरा गांव के निवासी बताए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटे गए कुंडल, एक मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इनके तीसरे साथी की तलाश में जुटी है और आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
