मुजफ्फरनगर। जनपद में भीड़भाड़ वाले स्थानों और बस अड्डों पर यात्रियों के बैग काटकर नकदी व आभूषण चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना बुढाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके साथी को कॉम्बिंग के दौरान दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 22 अप्रैल को बुढाना क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने ब्लेड से बैग काटकर नकदी और जेवर चोरी कर लिए। इस मामले के खुलासे के लिए टीम गठित की गई थी।
मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मंदवाड़ा मार्ग पर घेराबंदी की, जहां बदमाशों से सामना हो गया। जवाबी कार्रवाई में शकील उर्फ घोड़ा नामक आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी शाहिब को तलाश अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख 40 हजार रुपये नकद, दो अवैध तमंचे, कारतूस, एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और एक आधार कार्ड बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यात्रियों को निशाना बनाते थे। बैग को ब्लेड से काटकर नकदी और आभूषण निकाल लेते थे, जिन्हें बाद में बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें लूट, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अंजाम दिया गया, जिसमें थाना बुढाना पुलिस और एसओजी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।
