लखीमपुर खीरी। फरधान थाना क्षेत्र के बेहजम रोड पर सोमवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक अनियंत्रित कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना लखनापुर पुलिया के पास उस समय हुई जब छह लोग दो अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने दोनों बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे और चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने मृतकों की पहचान हितेश शुक्ला (42) निवासी नीमगांव, हरिकिशन (40) निवासी सोनौरा, अनुज कुमार (35) निवासी बासारा और आदर्श के रूप में की है। वहीं, हादसे में घायल दो लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार चालक की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group