वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के हरपालपुर इलाके में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने खेत में एक महिला का खून से सना शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी।
जांच में सामने आया कि महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी वस्तु, संभवतः पत्थर से वार कर उसकी हत्या की गई है। घटनास्थल के पास से मिले पहचान पत्र के आधार पर मृतका की शिनाख्त नर्गिस परवीन (35) पत्नी मोहम्मद अजहर, निवासी नई सड़क के रूप में हुई।
पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई गई।
प्राथमिक जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि मृतका का वैवाहिक जीवन सामान्य नहीं था और उसने दो निकाह किए थे। वर्तमान में वह भेलूपुर क्षेत्र के बजरडीहा इलाके में रह रही थी। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं है।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर संभावित एंगल—पारिवारिक विवाद, व्यक्तिगत रंजिश या अन्य कारण—को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group