फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के अर्राह पहाड़पुर गांव में पारिवारिक कलह ने भयावह रूप ले लिया। शनिवार देर रात दो बेटों ने अपने ही 70 वर्षीय पिता की हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार रामसनेही नामक वृद्ध अपने बेटों अनिल और ओमकार के साथ घर में रह रहे थे। देर रात घर के अंदर ही विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों बेटों ने पिता पर सिर में वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई।
जांच में सामने आया है कि दोनों बेटों के वैवाहिक जीवन में पहले से ही परेशानी चल रही थी। इसी कारण वे दोबारा शादी के लिए पिता पर दबाव बना रहे थे, लेकिन पिता इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर घर में लंबे समय से तनाव बना हुआ था, जो आखिरकार हत्या तक पहुंच गया।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से ओमकार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। क्षेत्राधिकारी अभय कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group