सहारनपुर। मुजफ्फरनगर जनपद के कुटेसरा गांव निवासी युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कई दिनों से लापता चल रहे 23 वर्षीय पिंटू का शव देवबंद और मुजफ्फरनगर की सीमा पर स्थित आखलौर खेड़ी गांव के पास खेत में बरामद हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया और परिवार में कोहराम छा गया।बताया जा रहा है कि स्थानीय व्यक्ति ने खेत में पड़े एक शव को देखा, जो काफी हद तक सड़ चुका था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन तत्काल शिनाख्त नहीं हो सकी। अगले दिन जांच के दौरान जानकारी मिली कि कुटेसरा निवासी पिंटू 29 अप्रैल से लापता है। इसके बाद परिजनों को बुलाया गया, जिन्होंने शव की पहचान की।परिवार के अनुसार, पिंटू देवबंद क्षेत्र के घलौली गांव के पास रेलवे लाइन किनारे स्थित एक ईंट भट्ठे पर मुंशी का कार्य करता था। वह 29 अप्रैल की सुबह काम पर जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला था।पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर गंभीर चोट और गला दबाए जाने के निशान सामने आए हैं, जिससे हत्या की पुष्टि मानी जा रही है। परिजनों ने आशंका जताई है कि बदमाशों ने पहले लूटपाट की और फिर पिंटू की हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।