मुजफ्फरनगर। जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिला पंचायत सभागार में मुख्य विकास अधिकारी श्री कंडारकर कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जनगणना प्रक्रिया और डिजिटल सेल्फ एन्यूमरेशन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि वर्ष 2021 में प्रस्तावित जनगणना कोरोना महामारी के कारण पूर्ण नहीं हो सकी थी, जिसे अब जनगणना 2027 के रूप में संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनगणना का पहला चरण पूरी तरह डिजिटल रखा गया है। इसके अंतर्गत 7 मई से 21 मई 2026 तक नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से सेल्फ एन्यूमरेशन कर सकेंगे। इसके लिए नागरिकों को पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर लॉगिन करना होगा और अपनी जानकारी भरनी होगी।
उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि सभी कर्मचारी और अधिकारी स्वयं भी सेल्फ एन्यूमरेशन करें तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि जनगणना के दौरान कुल 33 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनका सही और सटीक विवरण देना आवश्यक होगा। साथ ही कहा कि जब प्रगणक घर-घर पहुंचे तो नागरिक अपने द्वारा प्राप्त सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी उपलब्ध कराएं, जिससे डेटा का सत्यापन और फीडिंग प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा सके।
सीडीओ ने जानकारी दी कि मकानों की गणना का कार्य 22 मई से 20 जून तक संचालित होगा। इस दौरान प्रगणक प्रत्येक क्षेत्र में घर-घर जाकर भवन स्वामियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करेंगे।
बैठक में अपर जिला अधिकारी एफ एंड आर श्री गजेंद्र कुमार ने बताया कि पूरे जनपद को 14 क्षेत्रों में विभाजित कर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि 7 मई से 21 मई तक प्रतिदिन अलग-अलग विभागों और समाज के विभिन्न वर्गों के लिए सेल्फ एन्यूमरेशन अभियान चलाया जाएगा। इसमें सरकारी एवं गैर सरकारी कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया कर्मी, पुलिस एवं अर्धसैनिक बल, अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी सहित विभिन्न वर्गों को शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि 7 मई को कलेक्ट्रेट कर्मियों, राजस्व विभाग, जीएसटी, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन तथा आबकारी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष रूप से सेल्फ एन्यूमरेशन की तिथि निर्धारित की गई है। साथ ही कहा कि यदि किसी व्यक्ति को इस प्रक्रिया में किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या आती है तो वह श्री गौरव झा के मोबाइल नंबर 9504541986 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकता है।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट श्री पंकज प्रकाश राठौर, तहसीलदार तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group