गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में हुई दुस्साहसिक लूट की वारदात ने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया। हथियारबंद बदमाशों ने एटीएम में कैश डालने जा रही वैन को निशाना बनाते हुए ड्राइवर को बंधक बना लिया और करीब 20 लाख रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कैश वैन को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई और जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया।जानकारी के अनुसार निजी वित्तीय संस्था एवन इंडिया की कैश वैन रोजाना की तरह विभिन्न एटीएम में नकदी पहुंचाने के लिए निकली थी। दोपहर करीब एक बजे वैन क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में पहुंची, तभी पहले से घात लगाए बदमाश वहां पहुंच गए। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने मौके का फायदा उठाते हुए ड्राइवर को अकेला पाकर हथियार तान दिए और उसे बंधक बना लिया। इस दौरान बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई।वारदात के बाद आरोपी कैश वैन को लेकर तेजी से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे की ओर भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम सक्रिय हो गया और शहरभर में नाकाबंदी कर दी गई। कई थानों की पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें बदमाशों की तलाश में जुट गईं।कुछ समय बाद पुलिस को मसूरी थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे किनारे लावारिस हालत में कैश वैन मिली। वैन घटनास्थल से करीब आठ किलोमीटर दूर खड़ी मिली, लेकिन उसमें रखा पूरा कैश गायब था। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि फिलहाल लूटी गई रकम का सटीक आंकड़ा जुटाया जा रहा है। संबंधित वित्तीय संस्था से रिकॉर्ड मांगा गया है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वैन में कुल कितनी नकदी मौजूद थी। पुलिस कैश वैन के ड्राइवर और अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आठ विशेष टीमों का गठन किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और बदमाशों के भागने के संभावित रास्तों की जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि वारदात को पूरी प्लानिंग के तहत अंजाम दिया गया है और इसमें किसी अंदरूनी जानकारी का भी इस्तेमाल हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group