सहारनपुर/मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 7 मई को देवबंद में प्रस्तावित जनसभा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात संचालन तक सभी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जनसभा में भारी भीड़ और वीआईपी मूवमेंट की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है, जो 6 मई की रात 12 बजे से प्रभावी होकर 7 मई की शाम 5 बजे तक लागू रहेगा।यातायात विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सहारनपुर से देवबंद होते हुए मुजफ्फरनगर जाने वाले भारी वाहनों को मुख्य मार्ग से हटाकर वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा। ऐसे वाहन अब गागलहेड़ी, बडकला फ्लाईओवर और भगवानपुर मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। प्रशासन का मानना है कि इससे मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम रहेगा और सभा के दौरान जाम की स्थिति नहीं बनेगी।हल्के वाहनों के लिए भी अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। सहारनपुर से मुजफ्फरनगर जाने वाले छोटे वाहन देवबंद, बरला तिराहा और देवबंद-बरला मार्ग से होते हुए छपार के रास्ते आगे बढ़ सकेंगे। वहीं मुजफ्फरनगर से सहारनपुर की ओर जाने वाले वाहनों को रोहाना टोल, बर्फी, ग्राम चंदली, पंचकुड़ी मार्ग, पावटी कलां, चौहड़ा और काशीरामपुर होते हुए जामिया तिब्बिया कॉलेज मार्ग से निकाला जाएगा।जनसभा को देखते हुए देवबंद और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रमुख चौराहों, सभा स्थल और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था पैदा न हो।हालांकि प्रशासन ने राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस वाहन और अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को डायवर्जन व्यवस्था से मुक्त रखा गया है। जरूरत पड़ने पर इन्हें किसी भी मार्ग से गुजरने की अनुमति होगी।पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट प्लान का पालन करें और यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी जरूर ले लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group