मुजफ्फरनगर। शहर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित वहलना चौक के प्रसिद्ध श्री शनिदेव धाम मंदिर में हुई चोरी की घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी। अज्ञात चोर देर रात मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और दानपात्र में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गए। सुबह मंदिर खुलने पर घटना की जानकारी हुई तो श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।बताया जा रहा है कि रोजाना की तरह सुबह श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान मंदिर के ताले टूटे मिले और दानपात्र भी क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ा था। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मंदिर परिसर में जमा हो गई। लोगों ने धार्मिक स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों की जांच के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। आसपास रहने वाले लोगों और संदिग्ध व्यक्तियों से भी पूछताछ की जा रही है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। मंदिर के मुख्य लॉक को तोड़ने के बाद सीधे दानपात्र को निशाना बनाया गया। आशंका जताई जा रही है कि चोरों को मंदिर की गतिविधियों और वहां रखी नकदी की जानकारी पहले से थी। हालांकि पुलिस अभी हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए इंस्पेक्टर सिविल लाइन के नेतृत्व में टीम गठित कर दी गई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group