गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय छात्रा से कथित छेड़छाड़ के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस द्वारा किराना व्यापारी को पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार किए जाने के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारी के परिजनों ने थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। मामले में सामने आई सीसीटीवी फुटेज के बाद घटना को लेकर कई सवाल भी खड़े हो गए हैं, जिसके चलते पुलिस अब पूरे प्रकरण की हर पहलू से जांच कर रही है।जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में रहने वाली एक छात्रा 6 मई की शाम पास की किराना दुकान पर सामान लेने गई थी। आरोप है कि दुकान संचालक बब्बल चौधरी ने उसके साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की। घर पहुंचने पर छात्रा ने घटना की जानकारी अपनी मां को दी। इसके बाद परिजन कविनगर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बब्बल चौधरी और उसके साथी प्रशांत चौधरी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही व्यापारी के परिजन और आसपास के लोग थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बिना पूरी जांच के जल्दबाजी में गिरफ्तारी की गई है। व्यापारी पक्ष का कहना है कि घटना के समय दुकान में आरोपी का पिता भी मौजूद था और किसी प्रकार की आपत्तिजनक हरकत नहीं हुई।इसी बीच पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। शुरुआती जांच में फुटेज में छात्रा को मोबाइल पर बात करते हुए दुकान से सामान लेते और कुछ मिनट बाद बाहर निकलते देखा गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार फुटेज में प्रथम दृष्टया छेड़छाड़ जैसी कोई स्पष्ट गतिविधि दिखाई नहीं दी है। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि केवल फुटेज के आधार पर निष्कर्ष नहीं निकाला जाएगा और सभी साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है।मामले को लेकर थाने में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा। सूर्यबली मौर्य ने लोगों को समझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा और तनाव का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group