लखीमपुर खीरी। तिकुनिया क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक मूक युवक और उसके परिवार को ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह ने निशाना बना लिया। बेटे की शादी का सपना दिखाकर परिवार से एक लाख रुपये ऐंठ लिए गए और शादी के कुछ ही घंटों बाद दुल्हन घर से गायब हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है और पुलिस से न्याय की गुहार लगा रहा है।मामला तिकुनिया कोतवाली क्षेत्र के गांव खमरिया कोइलार का है। गांव निवासी किरपाली का बेटा रोहित जन्म से मूक है। परिवार लंबे समय से उसकी शादी को लेकर परेशान था। आरोप है कि गांव के ही दो लोगों ने इस मजबूरी का फायदा उठाते हुए रोहित की शादी कराने का भरोसा दिया। उन्होंने दावा किया कि उनके संपर्क में एक लड़की है, जो शादी के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए खर्च और व्यवस्था के नाम पर रुपये देने होंगे।पीड़ित पिता के मुताबिक बेटे का घर बसाने की उम्मीद में उन्होंने किसी तरह एक लाख रुपये का इंतजाम कर आरोपियों को सौंप दिया। 5 अप्रैल को दोनों बिचौलिए एक युवती को लेकर उनके घर पहुंचे और जल्दबाजी में शादी की रस्में पूरी करा दी गईं। परिवार इसे अपनी खुशकिस्मती मान रहा था और घर में खुशी का माहौल था।लेकिन यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। अगली सुबह जब परिवार के लोग जागे तो दुल्हन घर में नहीं थी। काफी तलाश के बाद वह गांव के बाहर एक तालाब के पास दिखाई दी। उसके व्यवहार और पूरी घटना की परिस्थितियों ने परिवार को शक में डाल दिया। आरोप है कि शादी केवल एक साजिश थी, जिसके जरिए परिवार से मोटी रकम वसूली गई।पीड़ित परिवार का कहना है कि दुल्हन और बिचौलिए पहले से एक-दूसरे के संपर्क में थे और पूरी योजना सुनियोजित तरीके से तैयार की गई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।मूक बेटे के पिता किरपाली ने तिकुनिया कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी है। उनका कहना है कि बेटे की जिंदगी संवारने के लिए उन्होंने अपनी जमा पूंजी लगा दी, लेकिन बदले में उन्हें धोखा मिला। परिवार अब आर्थिक और मानसिक दोनों रूप से टूट चुका है।कोतवाली प्रभारी पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। संदिग्ध लोगों की तलाश की जा रही है और यह भी खंगाला जा रहा है कि कहीं यह कोई संगठित गिरोह तो नहीं, जो शादी के नाम पर लोगों को निशाना बना रहा हो।