शामली। कैराना कस्बे के मोहल्ला आलदरमियान में गुरुवार को एक दर्दनाक पारिवारिक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। घरेलू विवाद के बाद एक महिला ने खुद को आग के हवाले कर दिया। आग और धुएं की चपेट में आने से कमरे में मौजूद उसकी दो मासूम बेटियों की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार मोहल्ला आलदरमियान निवासी जस्सी सुबह तड़के रोजाना की तरह फल-सब्जी का ठेला लगाने घर से निकल गया था। इसी बीच घर में किसी बात को लेकर उसकी पत्नी अनीता का विवाद हो गया। बताया जाता है कि मानसिक तनाव में आकर अनीता ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। पहले उसने फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया, लेकिन सफल न होने पर उसने खुद पर आग लगा ली।कुछ ही देर में कमरे से धुआं उठने लगा और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े। पड़ोसियों ने काफी प्रयास के बाद दरवाजा तोड़ा, लेकिन तब तक अंदर का दृश्य बेहद दर्दनाक हो चुका था। कमरे में घना धुआं भर जाने से वहां मौजूद 10 वर्षीय वंदना और करीब डेढ़ साल की जसप्रीत बेसुध पड़ी मिलीं। दोनों बच्चियों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से झुलसी अनीता को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है।बताया गया कि वंदना अनीता की पहली शादी से हुई बेटी थी, जबकि जसप्रीत उसकी दूसरी शादी से जन्मी बच्ची थी। इस हादसे के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया। अस्पताल पहुंचे पिता जस्सी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मासूम बच्ची के शव को गोद में लेकर बिलखते पिता को देखकर अस्पताल में मौजूद लोगों की आंखें भी भर आईं।घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और क्षेत्राधिकारी कैराना मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर के सदस्यों और पड़ोसियों से पूछताछ कर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू कलह से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। लोग इस बात को लेकर स्तब्ध हैं कि पारिवारिक तनाव ने एक ही परिवार की दो मासूम जिंदगियां छीन ली।