खतौली। अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खतौली पुलिस ने मंगलवार शाम एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध चाकू बरामद कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए न्यायालय में पेश किया है।जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में जनपदभर में अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना खतौली प्रभारी निरीक्षक दिनेश चन्द के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।बताया गया कि पुलिस टीम जब अहमदगढ़ ढाकपुरी मोड़ के पास पहुंची तो वहां एक युवक संदिग्ध हालत में घूमता दिखाई दिया। पुलिस ने युवक को रोककर पूछताछ की तो वह घबराया हुआ नजर आया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नावेद पुत्र मुन्ना निवासी मोहिउद्दीनपुर बताया।पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ थाना खतौली में चोरी, विद्युत अधिनियम तथा आयुध अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में नया मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।खतौली पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।