मुजफ्फरनगर। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 किलो 640 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी राजस्थान से अफीम लाकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था।पुलिस के अनुसार “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के अंतर्गत शाहपुर थाना पुलिस देर रात सोरम गेट क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर घबराकर भागने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में अवैध अफीम बरामद हुई।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम माधव कुम्हार पुत्र बहरूलाल निवासी चित्तौड़गढ़, Rajasthan बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह राजस्थान से कम कीमत पर अफीम खरीदकर मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करता था। पुलिस का मानना है कि आरोपी लंबे समय से नशे के कारोबार से जुड़ा हुआ था और उसका नेटवर्क कई जिलों तक फैला हो सकता है।एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक ने पुलिस लाइन में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब तस्कर के नेटवर्क और उसके संपर्कों की जानकारी जुटाने में लगी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह जनपद में किसे अफीम की खेप पहुंचाने आया था।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।