ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन हॉस्टल के अंदर दो मजदूरों की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह कमरे में खून से सने शव मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। दोनों मजदूरों के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान मिले हैं। घटना के बाद से उनके साथ रहने वाला एक युवक लापता है, जिसे पुलिस मुख्य संदिग्ध मानकर तलाश में जुटी हुई है।जानकारी के अनुसार मेरठ निवासी शीशपाल और इंदर अपने साथी अभिषेक के साथ कुछ दिन पहले सीताराम इंस्टीट्यूट के निकट बन रहे हॉस्टल में माली का काम करने पहुंचे थे। तीनों निर्माण स्थल पर बने एक कमरे में रह रहे थे। गुरुवार रात सभी ने एक साथ भोजन किया था। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि रात के दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।सुबह जब निर्माण स्थल पर काम शुरू हुआ तो कमरे के भीतर दो लोगों के शव पड़े देख अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे में शीशपाल और इंदर मृत मिले, जबकि अभिषेक वहां से गायब था। घटनास्थल की स्थिति देखकर पुलिस ने हत्या की आशंका जताई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों के सिर पर भारी चीज से कई वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय डॉ. प्रवीन रंजन सिंह भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर कमरे से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मोबाइल सर्विलांस के जरिए फरार युवक की तलाश कर रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अन्य पहलुओं को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा। यह भी जांच की जा रही है कि घटना में केवल एक व्यक्ति शामिल था या किसी और की भी भूमिका रही। मामले के खुलासे के लिए चार विशेष टीमें बनाई गई हैं।घटना के बाद निर्माण स्थल पर काम करने वाले मजदूरों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतकों के परिजनों को सूचना देकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।