शाहजहांपुर। जलालाबाद क्षेत्र में युवक पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। देर रात पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि फायरिंग के दौरान एक सिपाही भी घायल हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पत्नी के कथित प्रेम संबंधों के शक में वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।पुलिस के अनुसार बीते बुधवार को मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव पेहना निवासी अमित सिंह पर ग्राम टापर के पास जानलेवा हमला हुआ था। हमलावर ने अमित के सिर में गोली मार दी थी और उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गया था। गंभीर हालत में घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद पुलिस हमलावर की तलाश में जुट गई थी।शुक्रवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि घटना में वांछित आरोपी गंगा एक्सप्रेस-वे की ओर भागने की फिराक में है। सूचना के आधार पर जलालाबाद पुलिस ने पल्हरई गांव के पास चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक युवक मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह तेज रफ्तार में भाग निकला।भागते समय आरोपी की मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी की ओर से चली गोली सिपाही शुभम सैनी के हाथ को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी अवनीश के पैर में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी अवनीश ने बताया कि उसे अपनी पत्नी और अमित सिंह के बीच संबंध होने का संदेह था। इसी वजह से उसने अमित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी वारदात के बाद लगातार फरार चल रहा था और फरीदाबाद भागने की तैयारी में था।घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। घायल सिपाही और आरोपी दोनों का उपचार चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group