मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना क्षेत्र के गांव जौला में पांच वर्षीय बच्चे की मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। गुरुवार शाम घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हुआ मासूम शुक्रवार सुबह गांव के पास बह रही नहर में मृत मिला। बच्चे का शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।गांव निवासी फुरकान का पुत्र आहद गुरुवार शाम करीब पांच बजे घर के बाहर खेल रहा था। परिजनों के अनुसार खेलते-खेलते वह अचानक नजरों से ओझल हो गया। पहले परिवार ने अपने स्तर पर बच्चे की तलाश की, लेकिन देर रात तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने पूरी रात बच्चे की खोजबीन जारी रखी।मासूम की तलाश में गांव के आसपास खेतों, रास्तों, तालाबों और नहर किनारों पर देर रात तक सर्च अभियान चलता रहा। ग्रामीण टॉर्च लेकर अलग-अलग जगहों पर बच्चे को ढूंढते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह कुछ ग्रामीण जब नहर की ओर पहुंचे तो पानी में एक बच्चे का शव उतराता दिखाई दिया। सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाया। बाद में परिजनों ने शव की पहचान आहद के रूप में की। मासूम का शव देखते ही मां-बाप बेसुध हो गए और घर में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद गांव में हर आंख नम दिखाई दी।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि बच्चे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मासूम खेलते समय नहर में गिरा या घटना के पीछे कोई और कारण है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।