गाजियाबाद के थाना सिहानी गेट क्षेत्र स्थित पटेल नगर टायर मार्केट में तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक एसी वर्कशॉप में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग ने देखते ही देखते पूरी वर्कशॉप को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन हादसे में एक कर्मचारी की जिंदा जलकर मौत हो गई।बताया गया है कि टायर मार्केट में स्थित ओंकार पुत्र जगमाल सिंह की एसी रिपेयरिंग वर्कशॉप में देर रात अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की दुकानों में भी दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची थाना सिहानी गेट पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को खाली कराया और लोगों को दूर हटाया गया।दमकल कर्मियों ने काफी देर तक आग बुझाने का अभियान चलाया। आग पर नियंत्रण मिलने के बाद जब कर्मचारी अंदर पहुंचे तो वर्कशॉप के पिछले हिस्से में सीढ़ियों के पास एक व्यक्ति गंभीर रूप से जली हालत में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो उसकी मौत हो चुकी थी। बाद में मृतक की पहचान वर्कशॉप में कार्यरत करीब 70 वर्षीय त्रिलोकीनाथ के रूप में हुई।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसीपी नंदग्राम ने बताया कि सुबह करीब तीन बजे आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने संयुक्त रूप से राहत कार्य चलाया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के चलते हादसा हुआ हो सकता है, हालांकि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।