मुजफ्फरनगर, 9 मई 2026। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत जनपद में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। इससे पूर्व आमजन की सुविधा के लिए 07 मई से 21 मई 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की व्यवस्था लागू की गई है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा है कि सभी नागरिक स्वयं जनगणना पोर्टल पर अपनी सूचनाएं दर्ज करें तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना की यह व्यवस्था जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से परिवार स्वयं ऑनलाइन पोर्टल https://se.census.gov.in� पर जाकर अपनी आवश्यक जानकारी भर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इससे बाद में सत्यापन के लिए पहुंचने वाली जनगणना टीम को कार्य में काफी सुविधा होगी और पूरी प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकेगी।उन्होंने जानकारी दी कि स्व-गणना अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों के सहयोग से दिवसवार विषयगत रणनीति तैयार की गई है। इसके अंतर्गत राजस्व एवं प्रशासन दिवस, स्थानीय निकाय दिवस, युवा एवं खेल/मीडिया दिवस, शिक्षा दिवस, स्वास्थ्य दिवस, उद्योग एवं परिवहन दिवस, महिला एवं स्वयं सहायता समूह दिवस तथा डिजिटल सहायता दिवस जैसे कार्यक्रम अलग-अलग तिथियों पर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग तक जनगणना की जानकारी प्रभावी रूप से पहुंचाई जा सके।जिलाधिकारी ने जनपद के सभी सम्मानित नागरिकों से जनगणना के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिक प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों का पूरा सहयोग करें तथा स्व-गणना के इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।