मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के गांव रुकनपुर में हुए युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक के छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पारिवारिक कलह और जमीन विवाद के चलते आरोपी ने अपने ही बड़े भाई की हत्या की साजिश रची और सुनसान इलाके में ले जाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के खुलासे के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।पुलिस के अनुसार मृतक दीपक 28 अप्रैल की शाम अपने छोटे भाई सचिन के साथ बाइक पर घर से निकला था। दोनों बिरालसी नहर की ओर गए थे। रास्ते में आरोपी ने दीपक को शराब पिलाई, जिससे वह नशे में हो गया। इसके बाद सुनसान जगह पर पहुंचकर आरोपी ने पहले उसका गला दबाया और फिर सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को झाड़ियों के बीच खाई में फेंक दिया गया और आरोपी वहां से फरार हो गया।परिवार के लोगों ने देर रात तक दीपक की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। अगले दिन पुलिस को क्षेत्र में एक शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान हाथ पर लिखे “दीपक” नाम के आधार पर कराई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी।जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दीपक अपने भाई सचिन के साथ जाता दिखाई दिया, जबकि कुछ समय बाद सचिन अकेला लौटता नजर आया। इसी आधार पर पुलिस का शक गहराया और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी वारदात स्वीकार कर ली।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका बड़ा भाई शराब पीकर आए दिन घर में झगड़ा करता था। परिवार की जमीन बेचने को लेकर भी दोनों भाइयों के बीच विवाद चल रहा था। आरोपी ने यह भी बताया कि मृतक उसकी पत्नी को परेशान करता था, जिससे वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। इसी कारण उसने अपने भाई की हत्या की योजना बनाई।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।