आगरा। जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी समारोह में शामिल होने दिल्ली से आगरा आए परिवार का टेंपो तेज रफ्तार एंबुलेंस की चपेट में आ गया। आमने-सामने हुई जबरदस्त भिड़ंत में पिता और बेटे की मौत हो गई, जबकि मां समेत परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी नेम सिंह अपने परिवार के साथ निजी टेंपो से आगरा के सदरवन गांव में रिश्तेदारी की शादी में शामिल होने आए थे। रविवार सुबह करीब नौ बजे परिवार टेंपो संख्या डीएल-1आरईजी-1277 से कहीं जा रहा था। इसी दौरान बिचपुरी क्षेत्र स्थित सदरवन रोड पर सामने से तेज गति में आ रही एंबुलेंस ने टेंपो को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे में टेंपो चालक नेम सिंह (36) पुत्र रोशन लाल और उनके 14 वर्षीय बेटे शिवम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पत्नी कांता (34), बेटा निखिल (12) और प्रशांत (10) गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिचपुरी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने नेम सिंह और शिवम को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई। जहां कुछ देर पहले शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी हादसे से स्तब्ध दिखाई दिए।थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल एंबुलेंस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।