नोएडा। ग्रेटर नोएडा की एक बहुमंजिला सोसाइटी में सोमवार को हुए दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। थाना कासना क्षेत्र स्थित लोहिया एनक्लेव सोसाइटी में 15वीं मंजिल से गिरने के कारण चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि बच्चे के परिजन सदमे में हैं। हादसे के बाद सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था और अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर निवासियों में भारी नाराजगी दिखाई दी।जानकारी के अनुसार मूल रूप से बलिया जनपद के सहतवार क्षेत्र निवासी अरुण राजभर अपनी पत्नी और बेटे अंश के साथ सोसाइटी के एक फ्लैट में सफाई कार्य के लिए पहुंचे थे। पति-पत्नी फ्लैट के अंदर काम में व्यस्त थे, जबकि चार वर्षीय अंश वहीं खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते मासूम फ्लैट की खिड़की तक पहुंच गया और अचानक नीचे गिर पड़ा।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बच्चे के गिरते ही सोसाइटी में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया।घटना के बाद सोसाइटी में रहने वाले लोगों ने सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। निवासियों का आरोप है कि कई फ्लैट अब भी अधूरे हैं और अनेक खिड़कियों में शीशे तक नहीं लगे हुए हैं। कुछ स्थानों पर रेलिंग भी अधूरी बताई जा रही है। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर नहीं किया गया, जिसके चलते यह बड़ा हादसा सामने आया।स्थानीय निवासियों ने प्राधिकरण और बिल्डर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अधूरी सुविधाओं के बीच लोगों को रहने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो भविष्य में भी ऐसे हादसे हो सकते हैं।मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई। थाना कासना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बच्चा खिड़की से गिरने की बात सामने आई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group