मुजफ्फरनगर। नई मंडी क्षेत्र की पॉश कॉलोनी ए-टू-जेड में पारिवारिक विवाद उस समय चर्चा का केंद्र बन गया, जब एक विवाहिता अपने ही ससुराल के बंद गेट के बाहर धरने पर बैठ गई। रविवार से शुरू हुआ यह हाईप्रोफाइल विवाद सोमवार देर रात तक जारी रहा। गांव पिनना निवासी शिल्पा लगातार दूसरी रात भी टेंट लगाकर घर के बाहर बैठी रही और सम्मान के साथ ससुराल में प्रवेश दिलाने की मांग करती रही।भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम के बावजूद महिला अपने फैसले पर अडिग दिखाई दी। दिनभर तपती धूप और रात में मच्छरों के बीच भी उसने धरना समाप्त करने से साफ इनकार कर दिया। देर रात तक कॉलोनी में लोग इस पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए जुटे रहे। बंद गेट के सामने लगे टेंट में बैठी महिला बार-बार यही कहती रही कि जब तक उसे उसका अधिकार नहीं मिलेगा, तब तक वह वहां से नहीं हटेगी।पीड़िता के अनुसार उसकी शादी अमित अहलावत के साथ हुई थी। विवाह के बाद शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में घरेलू विवाद बढ़ने लगे। महिला का आरोप है कि उसका पति शराब पीने का आदी है और आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। इसी कारण कुछ समय पहले वह मायके चली गई थी। अब जब वह वापस ससुराल पहुंची तो परिवार ने घर का दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया।महिला का कहना है कि उसके पति समेत सास-ससुर घर के भीतर मौजूद हैं, लेकिन कोई भी उससे बातचीत करने के लिए बाहर नहीं आया। इस दौरान पति का मोबाइल फोन भी बंद बताया गया। कॉलोनी के लोगों के मुताबिक पूरे दिन और रात घर का मुख्य गेट अंदर से बंद रहा, जबकि बाहर बैठी महिला अपने अधिकार की मांग करती रही।घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला सुलझाने का प्रयास किया। हालांकि देर रात तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आ सका। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है और आपसी सहमति से समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है,