मुजफ्फरनगर। जनपद के जिला चिकित्सालय में बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय वर्मा के साथ औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के विभिन्न विभागों में पहुंचकर मरीजों और तीमारदारों से सीधे बातचीत की गई तथा सुविधाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली गई।सीएमओ ने हड्डी रोग विशेषज्ञ कक्ष, सामान्य ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड तथा एक्स-रे विभाग सहित कई महत्वपूर्ण इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से यह भी पूछा कि कहीं किसी प्रकार की अवैध वसूली, सुविधा शुल्क या भ्रष्टाचार की शिकायत तो नहीं है।निरीक्षण के दौरान डॉ. सुनील तेवतिया ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप मरीजों को सभी स्वास्थ्य सुविधाएं पारदर्शी और निशुल्क उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई कर्मचारी, दलाल अथवा अन्य व्यक्ति सुविधा दिलाने के नाम पर धनराशि लेते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ तत्काल कठोर विभागीय एवं वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और उपचार से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रखा जाए। सीएमओ ने कहा कि जिला चिकित्सालय में इस प्रकार के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे ताकि आमजन को बेहतर और भ्रष्टाचार मुक्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group