शामली। शहर के बुढ़ाना फाटक क्षेत्र में देर रात हुए दर्दनाक रेल हादसे में एक निजी विद्यालय में कार्यरत सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई। बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक पर शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर के जरिए हुई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।कस्बा जलालाबाद के प्रताप नगर मोहल्ला निवासी 45 वर्षीय मोनू वालिया एक निजी स्कूल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था। परिजनों के अनुसार वह मंगलवार रात रोजाना की तरह घर से ड्यूटी के लिए निकला था। आशंका जताई जा रही है कि शामली के बुढ़ाना फाटक के समीप चलती ट्रेन से उतरते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के पास शव पड़ा देखा तो इसकी सूचना रेलवे पुलिस को दी। मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन तत्काल पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने मृतक की तस्वीर सोशल मीडिया ग्रुपों में प्रसारित की। वायरल फोटो जलालाबाद क्षेत्र में पहुंचने पर परिजनों ने मोनू वालिया के रूप में उसकी पहचान की। सूचना मिलते ही परिवार के लोग बदहवास हालत में शामली पहुंचे।रेलवे पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मोनू वालिया अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। वह अपने पीछे पत्नी और आठवीं कक्षा में अध्ययनरत जुड़वां पुत्र लव और कुश को छोड़ गया है। घटना के बाद प्रताप नगर मोहल्ले में शोक का माहौल है।